Sep 02, 2026, 11:48
दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में बुधवार को बॉम्बे हाईकोर्ट ने बड़ा आदेश दिया है। अदालत ने मामले की जांच CBI को सौंपने और FIR दर्ज करने का निर्देश दिया है।
दिशा सालियान की 8 जून 2020 को मुंबई के मालाड स्थित एक इमारत की 14वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी। शुरुआती जांच में मुंबई पुलिस ने इसे आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया था और बाद में आत्महत्या का निष्कर्ष सामने आया था।
पिता ने उठाए थे जांच पर सवाल
दिशा के पिता सतीश सालियान ने पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। उन्होंने मामले में FIR दर्ज करने और स्वतंत्र जांच की मांग की थी। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने भी सवाल उठाया था कि परिवार की ओर से संदेह जताए जाने के बावजूद पुलिस ने FIR दर्ज कर नियमित आपराधिक जांच क्यों नहीं की।
अब CBI खंगालेगी पूरा मामला
ताजा आदेश के बाद CBI FIR दर्ज कर दिशा सालियान की मौत से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जांच करेगी। इसमें मौत की परिस्थितियों, पहले हुई पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों की दोबारा पड़ताल की जाएगी।
हालांकि, हाईकोर्ट के इस आदेश का मतलब यह नहीं है कि हत्या या किसी व्यक्ति की संलिप्तता अदालत ने साबित मान ली है। अब इन सभी पहलुओं की जांच CBI करेगी और अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद सामने आएगा।